अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सोलन, 23 मार्च 2026: बाहरा विश्वविद्यालय, सोलन द्वारा “शिक्षण एवं शोध की गुणवत्ता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)” विषय पर 7 दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 19 से 25 मार्च 2026 तक यूजीसी के मदन मोहन मालवीय मिशन के तहत आयोजित हुआ।
इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से 200 से अधिक प्रतिभागियों और अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविदों की भागीदारी रही, जिससे यह एक वैश्विक शैक्षणिक संवाद का मंच बन गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. राजेश कुमार दुबे के मार्गदर्शन और डॉ. विकेश कश्यप के समन्वय में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में हॉवर्ड यूनिवर्सिटी के डॉ. नरेंद्र के. रुस्तागी ने AI और शिक्षा की गुणवत्ता पर व्याख्यान दिया। वहीं प्रो. कौमुदी सक्सेना ने नई शिक्षा नीति 2020 और ICT के महत्व पर अपने विचार रखे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. के. धवे ने रिसर्च, डेटा एनालिसिस और AI के उपयोग पर प्रकाश डाला। इसके अलावा देशभर के कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने AI, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, नैतिक AI और नवाचार जैसे विषयों पर गहन चर्चा की।
कार्यक्रम में अकादमिक नेतृत्व, स्थिरता और बहुविषयक शिक्षा जैसे विषयों को भी शामिल किया गया, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप हैं।
समापन पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम शिक्षकों को भविष्य के लिए तैयार करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार को बढ़ावा देते हैं।