गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Hockey India ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच के रूप में Tim White की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की है।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी कोच टिम व्हाइट हाल ही में जनवरी 2026 में हीरो हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स टीम के मुख्य कोच के रूप में कार्य कर चुके हैं। अब वह भारत की उभरती युवा प्रतिभाओं को निखारने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
टिम व्हाइट का कोचिंग करियर काफी प्रभावशाली रहा है। भारत आने से पहले वह बेल्जियम की अंडर-21 महिला टीम के कोच थे, जहां उन्होंने दिसंबर 2025 में टीम को जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक दिलाया। इसके अलावा 2021 से 2024 के बीच वह बेल्जियम की सीनियर महिला टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे, इस दौरान टीम की विश्व रैंकिंग 12वें स्थान से बढ़कर तीसरे स्थान तक पहुंची और Paris Olympics 2024 में सेमीफाइनल तक पहुंची।
इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीम के राष्ट्रीय कोच भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक हासिल किया था।
अपनी नियुक्ति पर टिम व्हाइट ने कहा कि भारत में हॉकी के प्रति जुनून और समृद्ध परंपरा ने उन्हें दोबारा यहां आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, जो तकनीकी रूप से मजबूत हों और सीनियर टीम में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
टीम को लेकर अपनी योजना साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह खेल को सरल रखते हुए टीम की सामूहिक और व्यक्तिगत ताकत पर ध्यान देंगे। उनका लक्ष्य आक्रामक और अनुशासित हॉकी खेलने वाली टीम तैयार करना है, जिसमें फिटनेस और दबाव में बेहतर प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी।
Dilip Tirkey ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि टिम व्हाइट का अनुभव जूनियर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। वहीं महासचिव Bhola Nath Singh ने कहा कि यह कदम युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने की दिशा में अहम है।