लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन के खिलाफ दो गोल दागे और अपनी टीम को 3-0 की आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ फ्रांस ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना पराग्वे से होगा।
एमबाप्पे ने मैच का पहला गोल पहले हाफ के अंतिम क्षणों में शानदार व्यक्तिगत प्रयास से किया। इसके बाद दूसरे हाफ में माइकल ओलिसे के पास पर उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या छह कर ली। इस प्रदर्शन के बाद वह गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के स्टार लियोनेल मेसी की बराबरी पर पहुंच गए हैं। हालांकि दो असिस्ट के कारण एमबाप्पे फिलहाल बढ़त बनाए हुए हैं।
यह मुकाबला एमबाप्पे के लिए ऐतिहासिक भी रहा। उन्होंने विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और कुल 18 विश्व कप गोल के साथ सर्वकालिक गोल स्कोररों की सूची में भी मेसी के बेहद करीब पहुंच गए। फ्रांस की दमदार जीत ने उसे खिताब के प्रबल दावेदारों में और मजबूत बना दिया है।