लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सुपौल में विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर आम लोगों को टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूक करने के लिए भव्य रैली निकाली गई। यह रैली जिला संचारी रोग पदाधिकारी कार्यालय, सदर अस्पताल सुपौल के तत्वावधान में आयोजित की गई।
रैली को सिविल सर्जन, जिला संचारी रोग पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सदर अस्पताल से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः अस्पताल परिसर में समाप्त हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करना और इसके उपचार व सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते समय पर पहचान और उपचार हो।
सरकार द्वारा टीबी मरीजों को मुफ्त दवा और जांच की सुविधा दी जाती है। साथ ही निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को इलाज के दौरान प्रति माह ₹1000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। निजी चिकित्सकों द्वारा टीबी मरीजों को नोटिफाई करने पर प्रति मरीज ₹500 की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा कार्यालय के सुधांशु शेखर रौशन, मोहम्मद रेहान आलम, शंभू कुमार चौधरी, सुमन कुमारी, आराधना कुमारी, दाय रानी, अनिल कुमार सहित पैरामेडिकल स्टाफ, एएनएम और जीएनएम स्कूल के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का संदेश दिया गया।