अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
काठमांडू, 05 मार्च। नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए गुरुवार को पूरे देश में मतदान शुरू हो गया है। मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर पहुंचने लगे। चुनाव आयोग के अनुसार देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है।
इस चुनाव में 165 सीटों के लिए कुल 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 3,017 पुरुष, 388 महिलाएं और एक अन्य श्रेणी का उम्मीदवार शामिल है। इसके अलावा समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत 110 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है, जिसके लिए हजारों उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक इस बार नेपाल में कुल 1 करोड़ 89 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें पुरुष, महिलाएं और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए देशभर में हजारों मतदान केन्द्र बनाए गए हैं ताकि मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए बड़ी संख्या में नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बड़ी संख्या में चुनावकर्मी भी नियुक्त किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेने और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे।