लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के 117 प्रमुख नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त खुला पत्र लिखकर दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू करने और संबंध सामान्य बनाने की अपील की है। यह पहल सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस की ओर से की गई है।
पत्र में दोनों देशों के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध बहाल करने, नई दिल्ली और इस्लामाबाद में हाई कमिश्नर की दोबारा नियुक्ति, सामान्य वीजा सेवाएं शुरू करने और हवाई मार्ग फिर से खोलने की मांग की गई है।
हस्ताक्षरकर्ताओं ने धार्मिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच सीधे संपर्क को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है। उनका कहना है कि संवाद और आपसी विश्वास बढ़ने से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को मजबूती मिलेगी।
इस संयुक्त अपील पर भारत के 61 और पाकिस्तान के 56 प्रमुख नागरिकों ने हस्ताक्षर किए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से जारी तनाव का असर दोनों देशों के आम लोगों, खासकर युवाओं के भविष्य और विकास पर पड़ रहा है।