लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
आसनसोल के कन्यापुर पुलिस फांडी क्षेत्र के रॉय मैदान से मंगलवार सुबह एक आदिवासी युवक का रक्तरंजित शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान विष्णु हेम्ब्रम (निवासी पंचगछिया कपटिया) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह पेशे से राजमिस्त्री था और सोमवार शाम काम के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) ध्रुव दास ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके से एक शराब की बोतल और कुछ प्लास्टिक के गिलास भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ किसी और की मौजूदगी थी और संभवतः विवाद के बाद घटना हुई।