लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Himachal Pradesh में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए कई जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 9 अप्रैल को भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
बीते दिनों Shimla, Kullu और Mandi के कई क्षेत्रों में तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे सेब के बागानों, गेहूं और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर बगीचों की सुरक्षा के लिए लगाई गई जालियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।
उच्च पर्वतीय क्षेत्रों जैसे Lahaul-Spiti, Kinnaur, कुल्लू और चंबा के पांगी-भरमौर इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद सोमवार सुबह धूप निकलने से कुछ राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आज भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 अप्रैल से सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का खतरा भी बना हुआ है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। इससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है।