अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
असम के कार्बी आंगलोंग जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाके में गुरुवार शाम भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से हादसे की पुष्टि की है। वायुसेना ने अपने बयान में कहा कि सुखोई-30 एमकेआई विमान दुर्घटना में दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। साथ ही वायुसेना ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह शहीद अधिकारियों के परिवारों के साथ खड़ी है।
जानकारी के अनुसार फाइटर जेट ने जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान से संपर्क टूट गया। इसके बाद वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की तलाश के बाद टीम दुर्घटनास्थल तक पहुंच सकी।
यह हादसा कार्बी आंगलोंग जिले के रंगखेला इलाके के पास एक दूरस्थ पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में हुआ। स्थानीय लोगों ने शाम करीब सात बजे तेज धमाके की आवाज सुनी और पहाड़ियों की ओर से धुआं उठता देखा, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और वायुसेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के बाद दोनों वायुसेना कर्मियों के शव बरामद किए गए।
फिलहाल इस हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।