अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फैंटेसी हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के निर्माता-निर्देशक राही अनिल बर्वे एक बार फिर दर्शकों के लिए रहस्य और खौफ से भरी नई फिल्म लेकर आए हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘मन पिशाच’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसे देखकर दर्शकों को ‘तुम्बाड’ जैसा डर और रोमांच फिर से महसूस होने वाला है।
फिल्म का ट्रेलर बेहद डरावना और रहस्यमय माहौल पेश करता है। इसमें कई ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं जो दर्शकों को चौंका सकते हैं। ट्रेलर में एक ऐसी अजीब और रहस्यमयी दुनिया की झलक मिलती है, जिसके बारे में शायद ही किसी ने पहले सोचा हो।
ट्रेलर की कहानी समकालीन पुरातत्व विभाग के एक जूनियर अधिकारी सदाशिव राव के इर्द-गिर्द घूमती है। मानसून के दौरान एक पहाड़ी ढहने के बाद वहां से एक रहस्यमयी गुंबद बाहर आता है। इसकी जांच के लिए सदाशिव राव को हाडमगांव नाम के दूरदराज गांव में भेजा जाता है। वहां उनकी मुलाकात एक युवा विधवा महिला से होती है और इसके बाद घटनाएं धीरे-धीरे खौफनाक मोड़ लेने लगती हैं।
फिल्म की खास बात यह है कि इसे बेहद कम बजट में तैयार किया गया है। राही अनिल बर्वे ने करीब 80 मिनट की इस पूरी फिल्म को अपने घर पर कंप्यूटर की मदद से तैयार किया है। फिल्म के निर्माण में आईफोन रिकॉर्डिंग, फोटोशॉप, जनरेटिव एआई और आफ्टर इफेक्ट्स जैसे टूल्स का इस्तेमाल किया गया है।
इस फिल्म में केवल दो कलाकार नजर आएंगे, जिनमें यानिया भारद्वाज और दीपक दामले शामिल हैं। महज 33 हजार रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अपनी अनोखी प्रस्तुति और डरावने माहौल के कारण दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर रही है।