लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया कि प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान किसी जहरीले कीड़े के काटने से उनकी तबीयत खराब हुई, हालांकि बाद में फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने सेट पर ऐसी किसी घटना से इनकार किया।
राजेश शर्मा का इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है। परिवार की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार उनकी हालत पहले से बेहतर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। हालांकि संक्रमण के कारण उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है।
अभिनेता अक्षय कुमार ने राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके प्रति अपनी चिंता व्यक्त की। वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की जांच और कलाकारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है। वहीं 'फौजी' की प्रोडक्शन टीम ने स्पष्ट किया है कि राजेश शर्मा ने अपनी शूटिंग पहले ही पूरी कर ली थी और सेट पर किसी मेडिकल इमरजेंसी की आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं मिली थी।