लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
प्रभास स्टारर फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने और कीड़े के काटने की खबरों के बीच फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने आधिकारिक सफाई जारी की है। टीम ने कहा कि शूटिंग के दौरान सेट पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई और सोशल मीडिया पर चल रही खबरें तथ्यों से मेल नहीं खातीं।
निर्माताओं के अनुसार, राजेश शर्मा ने अपने हिस्से की शूटिंग पहले ही पूरी कर ली थी और वह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वापस लौट चुके थे। टीम का कहना है कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी मेडिकल इमरजेंसी या दुर्घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। बाद में सामने आई खबरों के बाद उन्होंने अभिनेता के परिवार से संपर्क करने की भी कोशिश की।
इससे पहले कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान किसी कीड़े के काटने के बाद अभिनेता की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस मामले को लेकर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने जांच की मांग भी उठाई थी।
वहीं, कुछ अन्य रिपोर्टों में अभिनेता के निजी सहयोगी के हवाले से कहा गया कि उनकी तबीयत डायबिटीज से जुड़ी समस्या और पैर में सूजन के कारण बिगड़ी थी तथा इसे फिल्म की शूटिंग से जोड़ना सही नहीं है। फिलहाल अभिनेता के स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।