गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Yamunanagar जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है।
छछरौली उपमंडल क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों से कुल 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
उपमंडल अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार बाजारों और व्यावसायिक स्थलों पर निरीक्षण कर रही हैं।
जांच के दौरान प्रतापनगर क्षेत्र से 5 और गांव चुहड़पुर कलां की मिठाई दुकानों से 4 सिलेंडर बरामद किए गए। ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस के उपयोग की बारीकी से जांच की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए हैं, जबकि व्यवसायिक कार्यों के लिए अलग श्रेणी के सिलेंडर निर्धारित हैं।
प्रशासन ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।