गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हर वर्ष 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस (World Heritage Day) के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर ठाणे जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को “मल्टीकल्चरल ठाणे” (बहुसांस्कृतिक ठाणे) नामक एक विशेष हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को लोगों के सामने लाना और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
हेरिटेज वॉक की शुरुआत ठाणे के प्रसिद्ध प्राचीन कोपिनेश्वर मंदिर से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने मसुंदा झील, सेंट जॉन बैपटिस्ट चर्च, पारसी सिनेगॉग, जैन मंदिर और मुस्लिम धार्मिक सामुदायिक हॉल का दौरा किया। यह यात्रा अंततः टाउन हॉल में जाकर संपन्न हुई।
इस हेरिटेज वॉक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिश्चंद्र पाटिल, उप जिला कलेक्टर सरजेराव मस्के पाटिल, उप जिला चुनाव अधिकारी वैशाली माने, उप जिला कलेक्टर शशिकांत गायकवाड़, कल्याण प्रांतीय अधिकारी विश्वास गूजर, जिला सूचना अधिकारी मनोज सानप, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अविनाश फड़तारे, जिला समाज कल्याण अधिकारी उज्ज्वला सपकाले, तहसीलदार सचिन चौधर, अमोल कदम, उमेश पाटिल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. अनीता जवंजाल, ठाणे महानगर पालिका आपदा प्रबंधन अधिकारी यासीन तड़वी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान संदेश अवदान ने गाइड की भूमिका निभाते हुए प्रत्येक ऐतिहासिक संरचना के महत्व, उसकी स्थापत्य विशेषताओं और सांस्कृतिक संदर्भों की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें वरिष्ठ इतिहासकार सदाशिव टेटविलकर और आईएनटीएसी के सह-समन्वयक एडवोकेट से विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में दिव्या ठाकुर, सिने स्कॉलर संतोष पठारे, दूरदर्शन की प्रसिद्ध एंकर मानसी अमदेकर और प्रोग्राम फोटोग्राफर जय मनोरे भी मौजूद रहे।
ठाणे जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल, निवासी जिलाधिकारी डॉ. संदीप माने और उप जिलाधिकारी (सामान्य प्रशासन) रूपाली भालके के कॉन्सेप्ट पर आयोजित इस हेरिटेज वॉक का सफल नियोजन तहसीलदार सचिन चौधर और अश्वमेध प्रतिष्ठान के फाउंडर, पुरातत्वविद् तथा महाराष्ट्र राज्य के मानद वन्यजीव संरक्षक अविनाश हरड़ ने किया।
इस आयोजन ने ठाणे की बहुसांस्कृतिक पहचान को मजबूती से सामने रखा और लोगों को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।