गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ तूफान की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है, लेकिन मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।