लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सीमा सुरक्षा एजेंसी और बॉर्डर पेट्रोल ने 'ऑपरेशन चेकमेट' नामक विशेष अभियान के दौरान इन लोगों को हिरासत में लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, 11 से 15 मई के बीच एरिजोना के युमा सेक्टर में चलाए गए अभियान में कुल 52 अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया। इनमें 36 लोग सेमी-ट्रक चला रहे थे, जिनमें 30 भारतीय नागरिक शामिल थे। बाकी गिरफ्तार लोग मेक्सिको, एल साल्वाडोर और रूस के नागरिक बताए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार भारतीयों के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे। हालांकि कुछ लोगों के पास कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। जांच में यह भी सामने आया कि कई लोगों के रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज (Employment Authorization Documents) अब वैध नहीं थे।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपियों को संघीय कानून के तहत प्रोसेस किया गया है और उन्हें जल्द ही उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह कार्रवाई अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में नियमों के उल्लंघन पर सख्ती के तौर पर देखी जा रही है।