गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आया। कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल कमजोर पड़ गई।
बीएसई का सेंसेक्स 139.36 अंक की बढ़त के साथ 78,632.90 अंक पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारी बढ़ने से यह 78,733.25 अंक तक पहुंच गया। हालांकि शुरुआती 10 मिनट के बाद बिकवाली का दबाव बनने लगा, जिससे इसकी बढ़त खत्म हो गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 5.82 अंक की मामूली गिरावट के साथ 78,487.72 अंक पर कारोबार करता दिखा।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 37.95 अंक की तेजी के साथ 24,391.50 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में 24,420.20 अंक तक पहुंच गया। लेकिन बाद में बिकवाली बढ़ने से यह गिरकर 24,241.25 अंक तक आ गया। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 20.75 अंक टूटकर 24,332.80 अंक पर कारोबार कर रहा था।
दिग्गज शेयरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयर 2.14 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर जियो फाइनेंशियल, टीएमपीवी, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और एटरनल के शेयर 3.62 प्रतिशत से 1.47 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ लाल निशान में थे।
अब तक बाजार में 2,776 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें 945 शेयर हरे निशान में और 1,831 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 9 हरे निशान में जबकि 21 लाल निशान में थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त में और 40 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,493.54 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,353.55 अंक पर बंद हुआ था।