राजौरी: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कथित ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटचरवाल, तेरयाथ निवासी जाकिर हुसैन और मोहम्मद आजम तथा उधन गांव निवासी मोहम्मद मुश्ताक के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों पर आतंकियों को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने का आरोप है। इनमें कश्मीर घाटी तक सुरक्षित पहुंच उपलब्ध कराना और आतंकियों के लिए छिपने के ठिकानों की व्यवस्था करना शामिल है।
जांच के दौरान एक आरोपी की निशानदेही पर एक IED भी बरामद किया गया। अधिकारियों को आशंका है कि इसका इस्तेमाल संभावित आतंकी हमले के लिए किया जाना था।
जांच एजेंसियां आरोपियों के कथित संबंधों और क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से उनके कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों के तार नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए कुछ हाई-प्रोफाइल हमलों से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमित कुमार पांडेय