गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड आज कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी करने जा रहा है। बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और दोपहर करीब एक बजे अजमेर स्थित कार्यालय से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर परिणाम की आधिकारिक घोषणा करेंगे।
इस बार की खास बात यह है कि 10वीं के साथ ही 8वीं और 5वीं कक्षाओं के परिणाम भी एक साथ जारी किए जाएंगे। बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार है जब 10वीं का रिजल्ट 12वीं से पहले घोषित किया जा रहा है। साथ ही मार्च महीने में परिणाम जारी होना भी एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने परिणाम प्रक्रिया को तेज करते हुए समय से पहले रिजल्ट जारी करने का निर्णय लिया है।
इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में 10,68,109 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। वहीं 8वीं कक्षा में 12.86 लाख और 5वीं कक्षा में 13.68 लाख छात्र पंजीकृत हैं। 8वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 4 मार्च तक, जबकि 5वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित की गई थीं।