गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित उपकोषालय में पदस्थ एक अधिकारी पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि मेडिकल क्लेम बिल पास कराने के बदले अधिकारी ने ₹5000 की राशि ऑनलाइन माध्यम से ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश कुमार पटनायक ने बताया कि उनकी पत्नी सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं। सिजेरियन डिलीवरी के बाद उन्होंने ₹44,425 का मेडिकल बिल क्लेम प्रस्तुत किया था, जिसे पास कराने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा कथित रूप से कमीशन की मांग की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में अधिकारी ने ₹10,000 की मांग की थी। बाद में यह राशि घटाकर ₹8000 की गई और अंततः ₹5000 पर सहमति बनी। आरोप है कि यह भुगतान डिजिटल माध्यम से कराया गया।
राजेश कुमार पटनायक का कहना है कि अधिकारी की ओर से व्हाट्सएप के जरिए एक नंबर साझा किया गया, जिस पर फोन पे (PhonePe) के माध्यम से ₹5000 ट्रांसफर करवाए गए। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उनके पास इस लेनदेन का स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप चैट और अन्य संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं।
पीड़ित पक्ष ने इस पूरे मामले की शिकायत सोमवार को मुख्यमंत्री और रायगढ़ कलेक्टर से की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।