गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फिल्म और टीवी जगत के जाने-माने अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की हादसे में मौत के बाद पश्चिम बंगाल में शोक की लहर है। इस बीच राज्य प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह राज्य के मुख्य सचिव दुष्मंत नारियावाला दीघा स्थित घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम दीघा समुद्र तट पर डूबने से अभिनेता की मौत हो गई थी। सोमवार को कांथी महकमा अस्पताल में उनके शव का पोस्टमार्टम होना था, लेकिन तय समय के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे परिजनों और प्रशंसकों में बेचैनी देखी गई।
राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अभिनेता के पार्थिव शरीर को दीघा से कोलकाता स्थित उनके विजयगढ़ आवास तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राहुल को एक बेहतरीन कलाकार और नेक इंसान बताया।
इस दुखद खबर के बाद परिवार में भी मातम पसरा हुआ है। अभिनेता की पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका सरकार अपने परिवार के साथ मौजूद हैं। वहीं, उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
राहुल बनर्जी के आकस्मिक निधन को बंगाली फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।