गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Nepal सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए देशभर के अस्पतालों में रविवार को भी बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवा संचालित करने का निर्देश जारी किया है।
दरअसल, सप्ताह में दो दिन अवकाश देने के सरकारी निर्णय के बाद रविवार को अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रहने लगी थीं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई मरीज बिना इलाज कराए वापस लौटने को मजबूर हो रहे थे।
जनस्तर पर बढ़ती आलोचना और स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह अहम कदम उठाया है।
मंत्रालय के सह-प्रवक्ता डॉ. समीर कुमार अधिकारी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि कार्यभार और उपलब्ध जनशक्ति का संतुलन बनाते हुए रविवार को भी ओपीडी सेवाएं अनिवार्य रूप से संचालित की जाएंगी।
सरकार ने अस्पताल प्रशासन को यह विकल्प भी दिया है कि रविवार को ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को सप्ताह के किसी अन्य दिन अवकाश दिया जाए। साथ ही, मरीजों की संख्या के अनुसार शिफ्ट में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह व्यवस्था केवल संघीय अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सभी सातों प्रांतों के प्रादेशिक अस्पतालों में भी लागू होगी।