अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
इंफाल, 14 मार्च। मणिपुर पुलिस ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाते हुए मादक पदार्थों के साथ तस्करी के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हेरोइन और ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, सेकमाई पुलिस स्टेशन के गेट नाका चेक पॉइंट पर एक अभियान के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान नगालैंड के डिमापुर निवासी अब्दुल कलाम आजाद (32) के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 261 ग्राम हेरोइन पाउडर और एक चारपहिया वाहन शेवरले क्रूज (एनएल-07सी-0870) बरामद किया गया।
इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र के याइरिपोक याम्बेम इलाके से दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मो. नजीमुद्दीन (31) और मो. जाबिर (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से लगभग 1.04 किलोग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक दोपहिया वाहन होंडा डियो स्कूटर (एमएन-06-एसएक्स-5443) बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।