गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
तिलैया थाना क्षेत्र के करमा स्थित अंबाकोला रोड पर मंगलवार तड़के एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह गोदाम जफीर अंसारी का है। सुबह करीब 3 बजे स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज और तेज रोशनी देखी, जिसके बाद गोदाम में आग भड़क उठी। घटना की सूचना तुरंत गोदाम मालिक और अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर और अन्य सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिसे बुझाने में करीब 4 घंटे का समय लगा।
गोदाम मालिक के मुताबिक, आग में लकड़ी के फर्नीचर, अलमारी, फ्रिज, कूलर समेत कई महंगे सामान जलकर खाक हो गए, जिससे 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए हाई टेंशन तार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि गोदाम के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरता है, जिसे हटाने के लिए पहले भी बिजली विभाग को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पहले से मौजूद हाई टेंशन तार के नीचे बाद में निर्माण किया गया था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।