गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जिले के खरीक थाना क्षेत्र के खरीक चौक के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक और मिनी ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काफी देर तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे बाहर निकालकर पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रक भागलपुर से खगड़िया की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रही मिनी ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और नवगछिया से खगड़िया जाने वाले मार्ग पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। खरीक थाना के थानाध्यक्ष नरेश ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है और आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।