लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पटियाला हाउस कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार आई-पैक के निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया है।
यह आदेश एडिशनल सेशंस जज शेफाली बरनाला टंडन ने सुनाया। ईडी ने विनेश चंदेल को 13 अप्रैल की देर रात कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद सुबह तक चली सुनवाई में यह फैसला लिया गया।
ईडी के अनुसार, पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में विनेश चंदेल की 33 प्रतिशत हिस्सेदारी है और इसी कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत जांच चल रही है। इस मामले में सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
यह मामला उस समय सामने आया जब ईडी ने आई-पैक के एक अन्य निदेशक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की थी। आई-पैक तृणमूल कांग्रेस के प्रचार कार्यों से जुड़ी संस्था है।
ईडी का दावा है कि छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी मौके पर पहुंचीं और जांच में बाधा डालने के उद्देश्य से कुछ दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य अपने साथ ले गईं। हालांकि, ममता बनर्जी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
फिलहाल ईडी इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।