लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
नई दिल्ली। पाकिस्तान में 125 वर्ष पुराने एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे को गिराए जाने की घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस घटना की खबरों और पाकिस्तानी प्रशासन की कथित निष्क्रियता से भारत गहराई से चिंतित है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटना केवल एक धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं है, बल्कि सिख समुदाय की आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर भी गंभीर आघात है। भारत ने पाकिस्तान से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रहे हमले और अतिक्रमण चिंता का विषय हैं। सरकार ने पाकिस्तान से अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पालन करते हुए सिख, हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक स्थलों एवं उनके अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस मुद्दे को लेकर भारत ने स्पष्ट किया कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा प्रत्येक देश की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।