लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरान्या (उन्नति द अरान्या) हाईराइज सोसायटी में सोमवार सुबह एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग की वजह एसी यूनिट में विस्फोट (एसी ब्लास्ट) मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
आग ऊपरी मंजिल पर स्थित फ्लैट से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के हिस्से तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने समय रहते आग पर काबू पाने का दावा किया।
घटना के दौरान पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत या फंसे होने की सूचना नहीं मिली है।
फायर विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।