लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। राज्य सरकार ने शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल कर मेघालय हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाने की मांग की है, जिसमें सोनम की जमानत बरकरार रखी गई थी। सरकार का कहना है कि मामले की गंभीरता और जांच के हितों को देखते हुए जमानत पर तत्काल रोक आवश्यक है।
मेघालय हाईकोर्ट ने हाल ही में निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत को बरकरार रखा था। अदालत ने गिरफ्तारी प्रक्रिया में प्रक्रियागत खामियों को आधार माना था। इसके बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए कहा कि आदेश से जांच और मुकदमे की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
राजा रघुवंशी की हत्या का मामला मई 2025 में सामने आया था, जब हनीमून के दौरान उनकी हत्या का आरोप उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी और अन्य आरोपियों पर लगा था। इस मामले ने पूरे देश में व्यापक चर्चा बटोरी थी। अब सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जिससे आगे की कानूनी दिशा तय होगी।