लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
पुरी: ओडिशा के सामाजिक संगठन कलिंग सेना ने रथ यात्रा की पारंपरिक तिथि और रीति-रिवाजों से कथित विचलन को लेकर ISKCON को चेतावनी दी है। संगठन ने आरोप लगाया कि परंपरा से हटकर रथ यात्रा आयोजित करने का प्रयास भगवान जगन्नाथ की सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं के विपरीत है।
कलिंग सेना के कार्यकर्ताओं ने पुरी स्थित ISKCON मंदिर के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष हेमंत रथ ने कहा कि उन्होंने ISKCON से परंपरागत धार्मिक मान्यताओं का पालन करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि परंपरा से अलग आयोजन किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।
यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब पुरी के गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने भी ISKCON से आग्रह किया था कि दुनिया भर में रथ यात्रा का आयोजन शास्त्रों और पुरी श्रीजगन्नाथ मंदिर की परंपराओं के अनुरूप किया जाए। हालांकि ISKCON ने अपने कार्यक्रम को जारी रखने का फैसला किया है।
फिलहाल ISKCON की भुवनेश्वर शाखा का कहना है कि वह पुरी मंदिर की परंपरा के अनुसार ही रथ यात्रा आयोजित करती है। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।