लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
वॉशिंगटन/नई दिल्ली: अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी या उसके ठिकाने की विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 50,000 अमेरिकी डॉलर (करीब ₹48 लाख) का इनाम देने की घोषणा की है। यह ऐलान अंतरराष्ट्रीय अभियान 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत किया गया है।
अमेरिका, कनाडा और कई यूरोपीय देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियां मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई चला रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह अभियान अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, जबरन वसूली, हिंसा और सीमा पार आपराधिक नेटवर्क पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान 37 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। इनमें से 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 10 आरोपी अब भी फरार हैं। जांच एजेंसियां फरार आरोपियों की तलाश में विभिन्न देशों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही हैं।
FBI ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास गोल्डी बराड़ के बारे में विश्वसनीय जानकारी हो तो वह संबंधित एजेंसियों से संपर्क करे। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए संगठित अपराध के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।