लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नागपुर, महाराष्ट्र: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को नागपुर में आयोजित BRICS परिवहन मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability' रखा गया है। बैठक में सदस्य देशों के प्रतिनिधि परिवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और भविष्य की साझा रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।
बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ BRICS के नए सदस्य देशों इंडोनेशिया, मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में सतत परिवहन, आधुनिक अवसंरचना, स्वच्छ मोबिलिटी, लॉजिस्टिक्स की मजबूती और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच परिवहन नेटवर्क को अधिक प्रभावी बनाना, व्यापार को बढ़ावा देना और डिजिटल तकनीकों के जरिए लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करना है। इसके अलावा हरित परिवहन और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
भारत की मेजबानी में आयोजित यह बैठक BRICS देशों के बीच परिवहन क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के अंत में साझा घोषणा-पत्र (Joint Declaration) जारी किए जाने की भी संभावना है, जिसमें सदस्य देशों की साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की कार्ययोजना का उल्लेख होगा।