लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
ताइझोऊ, चीन: चीन के झेजियांग प्रांत के ताइझोऊ शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गुओ नाम का एक शख्स अपने फ्लैट में 300 से ज्यादा अजगर पाल रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी फ्लैट के असामान्य रूप से ज्यादा बिजली बिल के कारण मिली।
पुलिस जांच में पता चला कि गुओ ने अपने घर के कई हिस्सों को अजगरों के लिए इस्तेमाल किया था। छापेमारी के दौरान प्लास्टिक के कंटेनरों में रखे 309 अजगर बरामद किए गए। इन अजगरों को गर्म और नमी वाला माहौल देने के लिए लगातार बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।
मामला तब सामने आया जब इलाके में एक बड़ा अजगर देखा गया। जांच में पुलिस को शक हुआ कि यह किसी अवैध पालन केंद्र से भागा हो सकता है। इसके बाद बिजली खपत के रिकॉर्ड की जांच की गई और पुलिस गुओ तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, गुओ पर संरक्षित वन्यजीवों के अवैध पालन और व्यापार से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई है। चीन में अजगर संरक्षित जीवों की श्रेणी में आते हैं और बिना अनुमति उनका पालन या व्यापार प्रतिबंधित है।