लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। राजपूत समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले क्षत्रिय परिषद ने फिल्म के शीर्षक और इसके प्रचार सामग्री पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि राजपूत इतिहास और चौहान वंश की पहचान का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
संगठन का आरोप है कि फिल्म में 'चौहान' नाम और राजपूत इतिहास को समकालीन राजनीतिक विमर्श से जोड़ने की कोशिश की गई है। परिषद ने कहा कि राजपूत इतिहास और विरासत किसी भी तरह के वैचारिक या राजनीतिक एजेंडे का माध्यम नहीं बनना चाहिए।
क्षत्रिय परिषद ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में फिल्म निर्माताओं से इस विषय पर स्पष्टीकरण देने और समुदाय की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की है। संगठन ने कहा कि यदि उनकी चिंताओं का समाधान नहीं किया गया तो आगे विरोध दर्ज कराया जा सकता है।
फिल्म 'चौहान' का हाल ही में टीज़र जारी किया गया था, जिसमें अजय देवगन दमदार एक्शन अवतार में नजर आए। फिल्म का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं और इसे जियो स्टूडियोज़ व कलर येलो प्रोडक्शंस द्वारा बनाया जा रहा है। हालांकि विवाद पर फिल्म की टीम या अजय देवगन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।