लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत पाकिस्तान में सक्रिय 23 व्यक्तियों को आतंकवादी घोषित किया है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, सूची में शामिल सभी व्यक्ति भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इन पर आतंकवादी हमलों की साजिश रचने, सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं का कट्टरपंथीकरण करने, सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा देने तथा ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तस्करी कराने के आरोप हैं।
घोषित आतंकियों में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े कई प्रमुख ऑपरेटिव शामिल हैं। गृह मंत्रालय का कहना है कि ये सभी भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा हैं।
सरकार का मानना है कि इस कार्रवाई से आतंकवादी नेटवर्क पर दबाव बढ़ेगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, सुरक्षा एजेंसियों को इन व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई में भी सहायता मिलेगी।