लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति को लेकर तीखी मौखिक टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि राज्य में “हॉर्स ट्रेडिंग” यानी विधायकों और सांसदों के दल-बदल की प्रवृत्ति व्यापक रूप से देखी जा रही है।
सुनवाई के दौरान जस्टिस माधव जामदार ने यह टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि किसी नेता के खिलाफ FIR भी हो, तो वह दूसरे दल में शामिल होकर राहत पा सकता है। अदालत ने इस संदर्भ में “वॉशिंग मशीन” शब्द का इस्तेमाल करते हुए व्यवस्था पर व्यंग्य किया, जिससे राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है।
यह टिप्पणी एक याचिका की सुनवाई के दौरान आई, जिसमें पुलिस द्वारा जारी किए गए externment आदेश को चुनौती दी गई थी। कोर्ट ने यह भी कहा कि केवल सरकार के खिलाफ विरोध करना किसी नागरिक को दंडित करने का आधार नहीं हो सकता।
अदालत की टिप्पणी के बाद राजनीतिक दल-बदल और विधायकों की भूमिका को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों ही इस तरह के बयानों को अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।