लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। असम में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहां एक लोहे का पुल पानी के तेज बहाव में बह गया और कई सड़कों में गहरे गड्ढे और दरारें पड़ गईं।
स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में मिट्टी खिसकने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।
आपदा प्रबंधन टीमों को राहत कार्यों में लगाया गया है और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।