गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हरियाणा सरकार ने ग्रुप D कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 5 साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को प्रमोशन देने की घोषणा की है। इसके लिए 27 अप्रैल को विधानसभा के विशेष सत्र में विधेयक पारित किया जाएगा।
यह निर्णय बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इस विशेष सत्र के दौरान 'हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज़ रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ सर्विस बिल, 2026' पेश किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित कानून का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर कॉमन कैडर सिस्टम के तहत कार्यरत ग्रुप D कर्मचारियों के लिए करियर में आगे बढ़ने के अवसरों को बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैबिनेट ने इस बिल के मसौदे को मंजूरी दे दी है। इसके तहत योग्य ग्रुप D कर्मचारियों के लिए क्लेरिकल पदों पर प्रमोशन का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों ने 5 साल या उससे अधिक की सेवा पूरी कर ली है, वे अब क्लर्क पदों पर पदोन्नति के लिए पात्र होंगे। इस फैसले से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है।
इसके अलावा मसौदे में 5 प्रतिशत ‘एक्स-ग्रेशिया’ (अनुग्रह) पदों का भी प्रावधान किया गया है। कर्मचारियों के कल्याण को और मजबूत करने के लिए इन पदों को भर्ती नियमों में शामिल किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाएगा।