गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Haridwar, 26 मार्च। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का 21 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और नकदी बरामद की गई है, जबकि उसका साथी फरार है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को बीएचईएल तिराहा, बहादराबाद के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल गर्ग (24) निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि वह अपने साथी आशीष उर्फ पगला के साथ मिलकर चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। दोनों नशे के आदी हैं और इसी लत को पूरा करने के लिए अपराध करते थे।
घटना 23 मार्च की है, जब शिवालिक नगर में मेडिकल स्टोर संचालक के गले से चेन छीन ली गई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है और फरार साथी की तलाश जारी है।