गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हरियाणा में रबी फसलों की खरीद को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में एसीएस एवं हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनीत गर्ग ने गुरुवार को फतेहाबाद जिले की रतिया अनाज मंडी का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों और अन्य हितधारकों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और हर दाना खरीदा जाएगा।
लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गेहूं सहित सभी रबी फसलों की खरीद समय पर और व्यवस्थित तरीके से की जाए। साथ ही किसानों को भुगतान निर्धारित समयावधि में सीधे उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल के जरिए पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, जिससे किसान अपनी फसल का पंजीकरण और ट्रैकिंग आसानी से कर सकें।
मंडी में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे, किसान सुविधा केंद्र, अटल किसान कैंटीन, सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी तरह की अनियमितता पर नियंत्रण रखा जा सकेगा।
एसीएस ने सभी संबंधित पक्षों—किसान, मजदूर, आढ़ती और मंडी समिति—से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही व्यवस्था को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी हितधारक को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।