गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगल में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोचन सिंह के रूप में हुई है, जो सुबह महुआ बीनने जंगल गए थे।
घटना डडिंया गांव के पास जंगल क्षेत्र में हुई, जहां अचानक हाथी ने हमला कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अनुसार यह हाथी छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल से भटककर इस क्षेत्र में आया है और फिलहाल जंगल में ही मौजूद है।
वन अधिकारियों ने क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों को जंगल में न जाने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि हाथी के व्यवहार को देखते हुए खतरा बना हुआ है और किसी भी समय वह आबादी की ओर बढ़ सकता है।
जानकारी के मुताबिक, यह हाथी पहले अपने झुंड से अलग हो गया था और अलग-अलग क्षेत्रों में घूमता रहा। अब आशंका है कि वह अपने साथियों की तलाश में फिर से उसी क्षेत्र में लौट सकता है।
वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।