अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया I
राजधानी New Delhi में झपटमारी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। East Delhi की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया है, जिससे पांच झपटमारी वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू (40) निवासी मदनगीर के रूप में हुई है। वह पांडव नगर और मयूर विहार इलाके में लंबे समय से झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर अक्षरधाम फ्लाईओवर के पास नोएडा लिंक रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जबकि मौके से एक बाइक और उसकी निशानदेही पर दूसरी बाइक भी जब्त की गई।
जांच में बरामद नकदी का संबंध मयूर विहार थाने में दर्ज एक मामले से जुड़ा पाया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पांडव नगर और मयूर विहार के पांच मामलों में अपनी संलिप्तता कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।