गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अब तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में हीटवेव की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो दिनों तक तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आईएमडी ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। साथ ही धूप में लंबे समय तक रहने से बचने को कहा गया है।
हालांकि राहत की खबर यह है कि सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्के बादल, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
फिलहाल दिल्लीवासियों को अगले 48 घंटे तक गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है, जिसके चलते प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर हैं।