आकांशा खटाना
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
केंद्रीय विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई है। आज बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों में भी काफी उत्साह नजर आया। आज पहला पेपर गणित विषय का रहा। सीबीएसई की कक्षा दसवीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 11 अप्रैल तक आयोजित की जा रही हैं। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं के लिए जिले में 14 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। कक्षा दसवीं के 4269 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत किए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए फतेहाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और व्यापक सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं। जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त जवानों के साथ विशेष निगरानी रखी जा रही है। हर परीक्षा केंद्र के आसपास नियमित गश्त, चेकिंग अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस अधिकारियों द्वारा समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
परीक्षा अवधि के दौरान जिलेभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु बीएनएसएस की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, हथियारों की मौजूदगी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। परीक्षा समय में प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई बाधा न आए। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के स्पष्ट निर्देश हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल प्रयास या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फतेहाबाद पुलिस ने अभिभावकों एवं आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें, अफवाहों से दूर रहें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।