अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बाराबंकी, 14 मार्च। बाराबंकी पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एडिशनल एसपी रितेश प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात स्वाट टीम और थाना असन्द्रा पुलिस आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कंधवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाईवे की ओर मोटरसाइकिल से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान स्वाट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी के कान के पास से गोली निकल गई और वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में संदिग्ध के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह पुत्र पुत्तन सिंह निवासी देवरी रुखारा थाना बक्शी का तालाब जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना जहांगीराबाद में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पर लखनऊ और बाराबंकी समेत कई जिलों में एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।