गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
इंफाल में सुरक्षा एजेंसियों ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पहचान पत्रों के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया और ड्रग तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
इंफाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक नाबालिग और 22 वर्षीय युवक को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से कई फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी बरामद किए गए, जिनमें अलग-अलग नाम और जानकारी दर्ज थी, लेकिन तस्वीर एक ही व्यक्ति की थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान आलम आज़ाद के रूप में हुई है, जो थौबल जिले का निवासी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित फर्जी पहचान नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
इसी दौरान एक अन्य अभियान में माओ चेकपोस्ट पर एक वाहन की तलाशी के दौरान 35 वर्षीय आरोपी को 174 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से वाहन, नकदी और कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि राज्य में लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है और कई चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है।