लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
गुरुग्राम के मानेसर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय युवक अंकित ने अपनी ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या की यह साजिश पहले से ही रची गई थी।
आरोप है कि आरोपी पति ने पत्नी को बहाने से प्रेमिका के किराए के कमरे में बुलाया, जहां उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और नेपाल भाग गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और विवाह के बाद भी अवैध संबंध बनाए हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और इनपुट के आधार पर दोनों की तलाश शुरू की।
काफी दिनों तक फरार रहने के बाद दोनों आरोपी नेपाल से वापस लौटे, जहां उन्हें पुलिस ने दबोच लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और अवैध संबंधों के चलते हुए इस जघन्य अपराध पर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।