लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
उत्तर प्रदेश के आगरा में बाथरूम के नीचे दबे एक व्यक्ति के शव मिलने के मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रूबी ने 18 मई को अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर दी और फिर शव को घर के बाथरूम के नीचे छिपा दिया।
हत्या के बाद रूबी ने ऐसा माहौल बनाया कि किसी को शक न हो। उसने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को बताया कि उसका पति घर छोड़कर चला गया है और वह लापता है। इसी बीच उसने 18 मई की सुबह अपने जेठ को फोन किया और कहा— “मां और बच्चियों को ले जाओ, घर के अंदर मत आना…”। यह कॉल बाद में केस की सबसे अहम कड़ी साबित हुई।
करीब 45 दिन तक परिवार और पुलिस को गुमराह करने के बाद 3 जुलाई को जांच के दौरान शक गहराया। जब पुलिस ने घर के बाथरूम की फर्श तोड़ी तो नीचे से शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया कि हत्या के बाद बाथरूम की फर्श को सीमेंट से भरकर नया रूप दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रूबी ने हत्या की बात कबूल की है। मामले की जांच अभी जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में कोई और शामिल था या नहीं।