गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए सूर्या हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। मामले का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि 4 से 5 युवक एक गली में सूर्या को घेर लेते हैं। कुछ ही सेकंड में आरोपी उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर देते हैं। फुटेज में हमलावरों की बेरहमी साफ दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि हमला इतना अचानक हुआ कि सूर्या को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CCTV सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।