गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
New Delhi, 25 मार्च । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगम विहार इलाके में गैस सिलेंडर कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 183 सिलेंडर बरामद किए और चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और रिफिलिंग की जा रही है। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया।
बरामद सिलेंडरों में 154 भरे हुए और 29 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा मौके से लोहे के पाइप, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपित गैस एजेंसी से सिलेंडर उठाकर उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय गोदामों में जमा करते थे और गैस निकालकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार यह प्रक्रिया बेहद खतरनाक थी और इससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।